आर्थिक शासन (Economic Governance): ब्रेटन वुड्स संस्था – अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF)
आर्थिक शासन का अर्थ एवं परिचय
आर्थिक शासन (Economic Governance) से तात्पर्य उन अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं, नियमों और प्रक्रियाओं से है जिनके माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था का संचालन एवं नियमन किया जाता है। इसमें अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, मौद्रिक सहयोग, विनिमय दर, वित्तीय स्थिरता, पूँजी प्रवाह और आर्थिक संकटों का प्रबंधन शामिल है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद वैश्विक आर्थिक सहयोग को संस्थागत रूप देने के लिए ब्रेटन वुड्स व्यवस्था (Bretton Woods System) स्थापित की गई। इसके अंतर्गत दो प्रमुख संस्थाएँ बनीं—अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और अंतर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (IBRD), जो आगे चलकर विश्व बैंक समूह का प्रमुख अंग बना। IMF का मुख्य उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय मौद्रिक सहयोग, विनिमय दर स्थिरता और भुगतान संतुलन (Balance of Payments) की समस्याओं के समाधान में सहायता करना है।
ब्रेटन वुड्स व्यवस्था (Bretton Woods System)
1. ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं स्थापना
जुलाई 1944 में अमेरिका के न्यू हैम्पशायर स्थित ब्रेटन वुड्स में संयुक्त राष्ट्र मौद्रिक एवं वित्तीय सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें 44 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद ऐसी अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था बनाना था जो 1930 के दशक की महामंदी (Great Depression), संरक्षणवाद और प्रतिस्पर्धात्मक मुद्रा अवमूल्यन (Competitive Devaluation) जैसी समस्याओं को रोक सके। महामंदी के दौरान देशों ने आयात प्रतिबंध, मुद्रा अवमूल्यन और संरक्षणवादी नीतियाँ अपनाई थीं। इससे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में गिरावट आई और आर्थिक संकट बढ़ा। इस अनुभव ने अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग की आवश्यकता स्पष्ट की।
2. प्रमुख विचारक: कीन्स एवं हैरी डेक्सटर व्हाइट
ब्रेटन वुड्स व्यवस्था के निर्माण में दो अर्थशास्त्रियों का प्रमुख योगदान था।
- जॉन मेनार्ड कीन्स (John Maynard Keynes):– उन्होंने ब्रिटेन की ओर से एक अंतरराष्ट्रीय Clearing Union स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। इसके अंतर्गत Bancor नामक अंतर्राष्ट्रीय लेखा मुद्रा की कल्पना की गई थी। कीन्स चाहते थे कि भुगतान संतुलन में असंतुलन के लिए घाटे और अधिशेष दोनों प्रकार के देशों पर समायोजन का दायित्व हो।
- हैरी डेक्सटर व्हाइट (Harry Dexter White):– उन्होंने अमेरिका की ओर से एक वैकल्पिक योजना प्रस्तुत की। इसमें अमेरिकी डॉलर को अंतर्राष्ट्रीय मौद्रिक व्यवस्था का केंद्रीय आधार बनाने पर बल दिया गया।
अंततः ब्रेटन वुड्स व्यवस्था में व्हाइट की योजना का अधिक प्रभाव रहा। इससे युद्धोत्तर अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था में अमेरिकी डॉलर की केंद्रीय भूमिका स्थापित हुई।
3. ब्रेटन वुड्स व्यवस्था की प्रमुख विशेषताएँ
इस व्यवस्था का मुख्य आधार स्थिर लेकिन समायोज्य विनिमय दर (Fixed but Adjustable Exchange Rate) था। इसके अंतर्गत सदस्य देशों की मुद्राओं का मूल्य अमेरिकी डॉलर के संदर्भ में निर्धारित किया गया। अमेरिकी डॉलर को 35 डॉलर प्रति औंस सोने से जोड़ा गया था। अन्य सदस्य देशों के केंद्रीय बैंक निर्धारित मूल्य पर डॉलर को सोने में परिवर्तित कर सकते थे। इस व्यवस्था को स्वर्ण-विनिमय मानक (Gold Exchange Standard) कहा जाता है। यदि किसी देश के भुगतान संतुलन में मूलभूत असंतुलन उत्पन्न होता था, तो निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत उसकी विनिमय दर में परिवर्तन किया जा सकता था। इसके अतिरिक्त, इस व्यवस्था में पूँजी के अंतरराष्ट्रीय प्रवाह पर नियंत्रण की अनुमति थी, ताकि देश घरेलू आर्थिक स्थिरता और रोजगार संबंधी नीतियाँ अपना सकें।
4. प्रमुख संस्थाएँ
ब्रेटन वुड्स सम्मेलन के परिणामस्वरूप दो प्रमुख संस्थाएँ स्थापित हुईं:
- अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF):– मौद्रिक सहयोग, विनिमय दर स्थिरता और भुगतान संतुलन संबंधी समस्याओं का समाधान।
- अंतर्राष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (IBRD):– प्रारंभ में युद्धोत्तर पुनर्निर्माण और बाद में दीर्घकालिक आर्थिक विकास के लिए वित्तीय सहायता।
5. ब्रेटन वुड्स व्यवस्था का पतन
1960 के दशक में अमेरिका के भुगतान संतुलन में असंतुलन, डॉलर की बढ़ती उपलब्धता और अमेरिकी सोने के भंडार पर दबाव के कारण व्यवस्था कमजोर होने लगी। अर्थशास्त्री रॉबर्ट ट्रिफिन (Robert Triffin) ने इस विरोधाभास को Triffin Dilemma के रूप में समझाया। इसके अनुसार विश्व अर्थव्यवस्था को पर्याप्त अंतर्राष्ट्रीय तरलता देने के लिए अमेरिकी डॉलर का प्रसार आवश्यक था, लेकिन डॉलर की बढ़ती मात्रा से उसकी सोने में परिवर्तनीयता पर विश्वास कमजोर होता था। 15 अगस्त 1971 को अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने डॉलर की सोने में परिवर्तनीयता समाप्त कर दी। दिसंबर 1971 के Smithsonian Agreement के बावजूद व्यवस्था को स्थायी रूप से बचाया नहीं जा सका। 1973 तक प्रमुख मुद्राएँ तैरती विनिमय दर (Floating Exchange Rate) व्यवस्था की ओर बढ़ गईं।
महत्वपूर्ण: ब्रेटन वुड्स की मूल विनिमय दर व्यवस्था समाप्त हुई, लेकिन IMF का अस्तित्व और कार्य जारी रहे।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (International Monetary Fund—IMF)
1. स्थापना एवं परिचय
IMF एक अंतर-सरकारी अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्था है। इसकी स्थापना ब्रेटन वुड्स सम्मेलन में हुई। (विवरण – तथ्य)
- स्थापना संबंधी सम्मेलन – जुलाई 1944
- Articles of Agreement – 22 जुलाई 1944
- औपचारिक अस्तित्व – 27 दिसंबर 1945
- कार्य प्रारंभ – 1947
- मुख्यालय – वाशिंगटन डी.सी., अमेरिका
- मूल सदस्यता – 29 दिसंबर 1945 को प्रभावी हुई सदस्यता व्यवस्था के अंतर्गत 29 देश
IMF का मूल संवैधानिक दस्तावेज Articles of Agreement है। इसके अनुच्छेद I में संस्था के प्रमुख उद्देश्य दिए गए हैं।
2. IMF के प्रमुख उद्देश्य
- अंतर्राष्ट्रीय मौद्रिक सहयोग:– सदस्य देशों के बीच मौद्रिक एवं वित्तीय नीतियों में सहयोग बढ़ाना तथा अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए मंच उपलब्ध कराना।
- अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का विस्तार:– संतुलित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और रोजगार के विकास को प्रोत्साहित करना।
- विनिमय दर स्थिरता:– विनिमय दरों में अनावश्यक उतार-चढ़ाव और प्रतिस्पर्धात्मक मुद्रा अवमूल्यन को रोकना।
- बहुपक्षीय भुगतान व्यवस्था:– अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक भुगतानों में आने वाली बाधाओं को कम करना।
- भुगतान संतुलन में सहायता:– भुगतान संतुलन संकट से प्रभावित सदस्य देशों को वित्तीय सहायता प्रदान करना।
इस प्रकार अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) का मुख्य उद्देश्य वैश्विक मौद्रिक व्यवस्था में स्थिरता और सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग बनाए रखना है।
IMF की संगठनात्मक संरचना (Organizational Structure)
- Board of Governors:- यह IMF की सर्वोच्च निर्णयकारी संस्था है। प्रत्येक सदस्य देश इसमें एक Governor और एक Alternate Governor नियुक्त करता है। सामान्यतः वित्त मंत्री या केंद्रीय बैंक का गवर्नर इसका सदस्य होता है। महत्वपूर्ण नीतिगत एवं संस्थागत निर्णय इसी बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इसके अनेक अधिकार Executive Board को सौंपे गए हैं।
- Executive Board:- यह IMF के दैनिक कार्यों और नीतिगत निर्णयों की देखरेख करता है। इसमें 25 Executive Directors होते हैं, जो अलग-अलग देशों या देशों के समूहों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके प्रमुख कार्य सदस्य देशों की आर्थिक स्थिति की समीक्षा, ऋण कार्यक्रमों पर निर्णय तथा आर्थिक निगरानी से संबंधित मामलों पर विचार करना हैं।
- Managing Director:- Managing Director IMF का प्रमुख कार्यकारी अधिकारी होता है। वह Executive Board की अध्यक्षता करता है तथा संस्था के प्रशासन और दैनिक कार्यों का नेतृत्व करता है।
- International Monetary and Financial Committee (IMFC):- यह IMF की सलाहकारी संस्था है। इसके 25 सदस्य अंतर्राष्ट्रीय मौद्रिक एवं वित्तीय व्यवस्था से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार करते हैं तथा IMF को नीतिगत दिशा के संबंध में सलाह देते हैं।
IMF के प्रमुख कार्य (Functions of IMF)
IMF के कार्यों को तीन प्रमुख भागों में समझा जाता है—आर्थिक निगरानी, वित्तीय सहायता और क्षमता विकास।
1. आर्थिक निगरानी (Economic Surveillance)
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) सदस्य देशों की आर्थिक एवं वित्तीय नीतियों की समीक्षा करता है। इसमें राजकोषीय घाटा, मुद्रास्फीति, विनिमय दर, विदेशी मुद्रा भंडार, बाह्य ऋण और वित्तीय क्षेत्र की स्थिति का अध्ययन किया जाता है। इसका उद्देश्य आर्थिक जोखिमों की पहचान करना और संभावित संकटों को रोकने के लिए नीतिगत सुझाव देना है।
आर्थिक निगरानी के तीन स्तर हैं:
- Bilateral Surveillance:– किसी एक सदस्य देश की आर्थिक स्थिति एवं नीतियों की समीक्षा।
- Regional Surveillance:– किसी विशेष क्षेत्र की आर्थिक परिस्थितियों का अध्ययन।
- Multilateral Surveillance:– वैश्विक अर्थव्यवस्था, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय प्रवाह और विभिन्न देशों की नीतियों के परस्पर प्रभाव का अध्ययन।
2. Article IV Consultation
यह अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की आर्थिक निगरानी की एक प्रमुख प्रक्रिया है। इसका आधार Articles of Agreement का अनुच्छेद IV है। इसके अंतर्गत IMF के अधिकारी सदस्य देश की आर्थिक नीतियों, वित्तीय स्थिति और विनिमय दर संबंधी परिस्थितियों की समीक्षा करते हैं। इसके बाद रिपोर्ट तैयार की जाती है, जिस पर Executive Board विचार करता है।
ध्यान दें: Article IV Consultation सामान्य आर्थिक निगरानी है। इसे IMF से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं समझना चाहिए।
3. वित्तीय सहायता (Financial Assistance)
जब किसी देश के पास आयात भुगतान, विदेशी ऋण की किस्तों तथा अन्य बाह्य दायित्वों को पूरा करने के लिए पर्याप्त विदेशी मुद्रा नहीं होती, तब भुगतान संतुलन संकट उत्पन्न हो सकता है। ऐसी स्थिति में IMF सदस्य देश को वित्तीय सहायता प्रदान करता है। इसका उद्देश्य विदेशी मुद्रा की उपलब्धता बढ़ाना, बाह्य भुगतान संबंधी संकट कम करना और आर्थिक स्थिरता बहाल करना है।
IMF के ऋण मुख्यतः– भुगतान संतुलन संबंधी समस्याओं के लिए होते हैं, जबकि World Bank दीर्घकालिक विकास परियोजनाओं को वित्त उपलब्ध कराता है।
4. अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की प्रमुख ऋण सुविधाएँ
(ऋण सुविधा – उद्देश्य)
- Stand-By Arrangement (SBA) – अल्पकालिक एवं मध्यम अवधि की भुगतान संतुलन समस्याएँ
- Extended Fund Facility (EFF) – दीर्घकालिक भुगतान संतुलन समस्याएँ एवं संरचनात्मक सुधार
- Rapid Financing Instrument (RFI) – तत्काल वित्तीय आवश्यकताओं के लिए सहायता
- Flexible Credit Line (FCL) – मजबूत आर्थिक नीतियों वाले देशों को संकट से सुरक्षा
- Precautionary and Liquidity Line (PLL) – कुछ आर्थिक कमजोरियों वाले पात्र देशों को सावधानीपूर्वक वित्तीय सुरक्षा
- Resilience and Sustainability Facility (RSF) – जलवायु परिवर्तन और दीर्घकालिक संरचनात्मक जोखिमों से निपटने में सहायता
5. शर्तबद्धता (Conditionality)
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की वित्तीय सहायता सामान्यतः आर्थिक नीतियों से संबंधित शर्तों के साथ दी जाती है। इसे Conditionality कहते हैं। इन शर्तों में राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करना, मौद्रिक नीति में सुधार, विनिमय दर समायोजन तथा वित्तीय क्षेत्र में सुधार शामिल हो सकते हैं। IMF का तर्क है कि इन शर्तों से भुगतान संतुलन में सुधार और ऋण चुकाने की क्षमता बढ़ती है। इसके विपरीत आलोचकों का कहना है कि कठोर शर्तें सरकारी खर्च, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।
6. क्षमता विकास (Capacity Development)
IMF सदस्य देशों को तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण भी देता है। इसके अंतर्गत केंद्रीय बैंक, वित्त मंत्रालय, कर प्रशासन, वित्तीय नियामक संस्थाओं और सांख्यिकीय प्रणालियों की क्षमता बढ़ाने में सहायता की जाती है। इसका उद्देश्य देशों की आर्थिक नीतियों और प्रशासनिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।
IMF की वित्तीय व्यवस्था: Quota, Voting Power एवं SDR
1. कोटा प्रणाली (Quota System)
कोटा अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की वित्तीय एवं संस्थागत व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक सदस्य देश का IMF में एक निर्धारित कोटा होता है। यह कोटा देश की वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिति के आधार पर निर्धारित किया जाता है।
कोटा निर्धारित करने के लिए चार प्रमुख आर्थिक आधार हैं:-
- GDP (सकल घरेलू उत्पाद)
- Openness (अर्थव्यवस्था का खुलापन)
- Variability (आर्थिक अस्थिरता)
- Reserves (विदेशी मुद्रा भंडार)
कोटा के चार प्रमुख कार्य हैं:-
- IMF के वित्तीय संसाधनों में सदस्य देशों का योगदान निर्धारित करना।
- IMF से सामान्यतः प्राप्त की जा सकने वाली वित्तीय सहायता की सीमा को प्रभावित करना।
- सदस्य देशों की मतदान शक्ति निर्धारित करने में भूमिका निभाना।
- SDR के सामान्य आवंटन का आधार बनना।
इस प्रकार कोटा IMF में किसी देश की वित्तीय भागीदारी और संस्थागत प्रभाव दोनों को निर्धारित करता है।
2. मतदान शक्ति (Voting Power)
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में सभी देशों को समान मतदान शक्ति प्राप्त नहीं है। इसकी मतदान प्रणाली में दो प्रकार के मत शामिल होते हैं—मूल मत (Basic Votes) और कोटा आधारित मत (Quota-based Votes)। इस व्यवस्था में आर्थिक रूप से बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की मतदान शक्ति अधिक होती है। अमेरिका का IMF में सबसे अधिक मतदान प्रभाव है। इस व्यवस्था की आलोचना इस आधार पर होती है कि विकासशील देशों का प्रतिनिधित्व उनकी जनसंख्या और वैश्विक आर्थिक भूमिका के अनुपात में पर्याप्त नहीं है।
3. विशेष आहरण अधिकार (Special Drawing Rights—SDR)
SDR का निर्माण IMF ने 1969 में किया था। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक व्यवस्था में उपलब्ध आरक्षित संसाधनों को बढ़ाना था। SDR कोई सामान्य मुद्रा नहीं है। यह IMF द्वारा निर्मित एक अंतरराष्ट्रीय आरक्षित परिसंपत्ति (International Reserve Asset) है। इसका उपयोग सदस्य देश अंतरराष्ट्रीय भुगतान के लिए अन्य मुद्राएँ प्राप्त करने में कर सकते हैं। SDR का मूल्य पाँच प्रमुख मुद्राओं की टोकरी पर आधारित है:- (मुद्रा – 2022–2027 में भार)
- अमेरिकी डॉलर – 43.38%
- यूरो – 29.31%
- चीनी युआन – 12.28%
- जापानी येन – 7.59%
- ब्रिटिश पाउंड – 7.44%
SDR का उपयोग IMF के वित्तीय लेन-देन और लेखांकन में भी किया जाता है।
महत्त्वपूर्ण तथ्य: अगस्त 2021 में IMF ने लगभग 456.5 अरब SDR (लगभग 650 अरब अमेरिकी डॉलर) का सामान्य आवंटन किया था। इसका उद्देश्य कोविड-19 महामारी के दौरान सदस्य देशों की अंतरराष्ट्रीय आरक्षित संसाधनों की आवश्यकता को पूरा करना था।
IMF और वैश्विक आर्थिक शासन (Global Economic Governance)
IMF वैश्विक आर्थिक शासन की प्रमुख संस्था है। यह अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक सहयोग, आर्थिक निगरानी और वित्तीय संकटों के समाधान के माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता बनाए रखने का प्रयास करता है।
1. अमेरिकी वर्चस्व और IMF
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की स्थापना युद्धोत्तर अमेरिकी आर्थिक नेतृत्व के समय हुई थी। ब्रेटन वुड्स व्यवस्था में डॉलर को केंद्रीय स्थान दिया गया और अमेरिका को IMF में महत्वपूर्ण मतदान शक्ति प्राप्त हुई। इस कारण IMF को अमेरिकी वर्चस्व (American Hegemony) और उदार अंतरराष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था (Liberal International Economic Order) के संदर्भ में भी समझा जाता है। हालाँकि IMF के निर्णय केवल अमेरिकी हितों से निर्धारित नहीं होते, लेकिन इसकी संस्थागत संरचना में वैश्विक आर्थिक शक्ति का असमान वितरण स्पष्ट दिखाई देता है।
2. IMF और वैश्वीकरण
वैश्वीकरण के कारण देशों के बीच व्यापार, पूँजी प्रवाह और वित्तीय संबंध बढ़े हैं। इससे एक देश का आर्थिक संकट दूसरे देशों को भी प्रभावित कर सकता है। IMF आर्थिक निगरानी, वित्तीय सहायता और नीतिगत परामर्श के माध्यम से इन समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करता है। लेकिन वैश्वीकरण के साथ बाह्य ऋण, वित्तीय अस्थिरता और पूँजी के अचानक पलायन जैसी समस्याएँ भी बढ़ी हैं। इसलिए IMF की भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है।
IMF की आलोचनात्मक समीक्षा (Critical Evaluation)
IMF की आलोचना मुख्यतः उसकी मतदान व्यवस्था, आर्थिक शर्तों, विकसित देशों के प्रभुत्व और विकासशील देशों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर की जाती है।
1. विकसित देशों का प्रभुत्व
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की मतदान व्यवस्था कोटा आधारित है। इसलिए आर्थिक रूप से शक्तिशाली देशों का निर्णय-निर्माण में अधिक प्रभाव रहता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रत्येक सदस्य देश को एक मत प्राप्त होता है, जबकि IMF में मतदान शक्ति आर्थिक योगदान से प्रभावित होती है। इस कारण विकासशील देश IMF में अधिक न्यायसंगत प्रतिनिधित्व की माँग करते हैं।
2. Conditionality एवं Structural Adjustment की आलोचना
1980 और 1990 के दशकों में IMF और World Bank द्वारा समर्थित संरचनात्मक समायोजन कार्यक्रम (Structural Adjustment Programmes) अनेक विकासशील देशों में लागू किए गए। इन कार्यक्रमों में राजकोषीय घाटे को कम करना, सरकारी खर्च में नियंत्रण, व्यापार उदारीकरण, निजीकरण और आर्थिक सुधारों पर बल दिया गया। आलोचकों के अनुसार, कठोर आर्थिक समायोजन से सार्वजनिक स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके विपरीत IMF का तर्क है कि वित्तीय अस्थिरता, उच्च मुद्रास्फीति और भुगतान संतुलन संकट भी गरीब वर्गों को प्रभावित करते हैं। इसलिए आर्थिक स्थिरता के लिए कुछ नीतिगत सुधार आवश्यक होते हैं।
3. जोसेफ स्टिग्लिट्ज़ की आलोचना
Joseph E. Stiglitz ने अपनी पुस्तक Globalization and Its Discontents में IMF की कुछ नीतियों की आलोचना की है। उनके अनुसार IMF कई बार सदस्य देशों की स्थानीय आर्थिक परिस्थितियों, संस्थागत क्षमताओं और सामाजिक आवश्यकताओं को पर्याप्त महत्व नहीं देता। स्टिग्लिट्ज़ ने विशेष रूप से संकट के समय कठोर आर्थिक नीतियों तथा बाजार आधारित सुधारों को लागू करने के तरीके पर प्रश्न उठाए। उनका मानना है कि आर्थिक सुधारों की सफलता के लिए नीतियों का उचित क्रम (Policy Sequencing) और संस्थागत परिस्थितियाँ महत्वपूर्ण हैं।
4. राष्ट्रीय संप्रभुता पर प्रभाव
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से ऋण लेने वाले देशों को कई बार अपनी आर्थिक नीतियों में परिवर्तन करना पड़ता है। इससे राष्ट्रीय संप्रभुता (National Sovereignty) और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रभाव का प्रश्न उठता है। आलोचकों के अनुसार, IMF की शर्तें आर्थिक नीति-निर्माण की स्वतंत्रता सीमित कर सकती हैं। दूसरी ओर, सदस्य देश स्वेच्छा से IMF की सदस्यता स्वीकार करते हैं और वित्तीय सहायता के लिए आवेदन करते हैं। इसलिए समस्या केवल बाहरी हस्तक्षेप की नहीं, बल्कि आर्थिक संकट के समय कमजोर देशों की सीमित विकल्प-क्षमता और वैश्विक शक्ति-असमानता की भी है।
5. संतुलित मूल्यांकन
IMF की आलोचनाओं के बावजूद अंतरराष्ट्रीय वित्तीय स्थिरता और भुगतान संतुलन संकटों के समाधान में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण है। इसकी आवश्यकता है कि संस्था की नीतियाँ अधिक लोकतांत्रिक, सामाजिक रूप से संवेदनशील और विकासशील देशों के हितों के अनुरूप हों।
भारत और IMF (India and IMF)
1. भारत की सदस्यता
भारत IMF का संस्थापक सदस्य है। उसने 1944 के ब्रेटन वुड्स सम्मेलन में भाग लिया था। भारत IMF की आर्थिक निगरानी, नीतिगत परामर्श और निर्णय-निर्माण प्रक्रिया में भाग लेता है। भारत लंबे समय से IMF में विकासशील देशों के अधिक प्रतिनिधित्व और वैश्विक आर्थिक शासन में सुधार की माँग करता रहा है।
2. भारत का 1991 का भुगतान संतुलन संकट
1990–91 में भारत गंभीर भुगतान संतुलन संकट से गुजरा। इसके प्रमुख कारण थे:-
- राजकोषीय घाटे और चालू खाते के असंतुलन में वृद्धि।
- खाड़ी युद्ध के कारण तेल कीमतों में वृद्धि।
- विदेशी मुद्रा भंडार में कमी।
- बाह्य ऋण भुगतान का बढ़ता दबाव।
- अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के विश्वास में कमी।
जुलाई 1991 में भारत के पास आवश्यक आयातों के भुगतान के लिए बहुत सीमित विदेशी मुद्रा भंडार बचा था। इस स्थिति में भारत ने IMF से Stand-By Arrangement के अंतर्गत वित्तीय सहायता प्राप्त की।
3. 1991 के आर्थिक सुधार और IMF की भूमिका
1991 के आर्थिक सुधारों में दो प्रमुख पक्ष थे।
- आर्थिक स्थिरीकरण (Economic Stabilization):– इसमें भुगतान संतुलन संकट का समाधान, राजकोषीय घाटे में कमी, विनिमय दर समायोजन और मौद्रिक स्थिरता पर बल दिया गया।
- संरचनात्मक सुधार (Structural Reforms):– इसमें औद्योगिक लाइसेंस व्यवस्था में बदलाव, व्यापार उदारीकरण, विदेशी निवेश को प्रोत्साहन और आर्थिक नियंत्रणों में कमी शामिल थी।
IMF ने भारत को वित्तीय सहायता और आर्थिक कार्यक्रमों के माध्यम से सहयोग दिया। लेकिन भारत के आर्थिक सुधारों को केवल IMF द्वारा थोपी गई नीतियों का परिणाम मानना सही नहीं है। इन सुधारों में भारतीय सरकार के घरेलू नीतिगत निर्णयों की भी महत्वपूर्ण भूमिका थी।
4. भारत और IMF के वर्तमान संबंध
भारत IMF की आर्थिक निगरानी प्रक्रिया में भाग लेता है तथा Article IV Consultation के अंतर्गत आर्थिक नीतियों पर चर्चा करता है। भारत की प्रमुख माँगों में IMF की कोटा प्रणाली में सुधार, विकासशील देशों का अधिक प्रतिनिधित्व और वैश्विक आर्थिक निर्णय-निर्माण में संतुलित भागीदारी शामिल हैं।
IMF में सुधार की आवश्यकता (Reforms of IMF)
वैश्विक अर्थव्यवस्था में चीन, भारत, ब्राजील और अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं की भूमिका बढ़ी है। इसके बावजूद IMF की संस्थागत संरचना में विकसित देशों का प्रभाव अधिक है। इसलिए सुधार की आवश्यकता महसूस की जाती है। प्रमुख सुधार –
- कोटा एवं मतदान सुधार:– उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों को उनकी वर्तमान आर्थिक स्थिति के अनुसार अधिक प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।
- संस्थागत प्रतिनिधित्व:– IMF की निर्णय प्रक्रिया को अधिक लोकतांत्रिक और समावेशी बनाया जाना चाहिए।
- सामाजिक सुरक्षा:– आर्थिक सुधार कार्यक्रमों में गरीबी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को पर्याप्त महत्व दिया जाना चाहिए।
- वित्तीय संसाधनों में वृद्धि:– वैश्विक आर्थिक संकटों से निपटने के लिए IMF की वित्तीय क्षमता मजबूत की जानी चाहिए।
- 16वाँ कोटा समीक्षा (2023):– दिसंबर 2023 में IMF ने 16वें General Review of Quotas के अंतर्गत कोटा में 50% वृद्धि को मंजूरी दी। यह वृद्धि सदस्य देशों के मौजूदा कोटा के अनुपात में निर्धारित की गई थी। इसलिए इसे मतदान शक्ति के पुनर्वितरण के समान नहीं माना जाना चाहिए।
IMF का सैद्धांतिक विश्लेषण (Theoretical Perspectives)
अंतरराष्ट्रीय संबंधों के प्रमुख सिद्धांत IMF की भूमिका को अलग-अलग दृष्टिकोणों से समझाते हैं।
1. उदार संस्थावाद (Liberal Institutionalism)
उदार संस्थावाद के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएँ राज्यों के बीच सहयोग को बढ़ावा देती हैं। ये संस्थाएँ सूचना उपलब्ध कराती हैं, नियम निर्धारित करती हैं और आर्थिक सहयोग में आने वाली बाधाओं को कम करती हैं। रॉबर्ट कीओहाने (Robert O. Keohane) ने अपनी पुस्तक After Hegemony: Cooperation and Discord in the World Political Economy में बताया कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ एक शक्तिशाली राज्य के पूर्ण नियंत्रण के बिना भी राज्यों के बीच सहयोग को बनाए रखने में सहायता कर सकती हैं। इस दृष्टिकोण से IMF अंतर्राष्ट्रीय मौद्रिक सहयोग और आर्थिक स्थिरता का महत्वपूर्ण माध्यम है।
2. यथार्थवाद (Realism)
यथार्थवाद के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में शक्ति और राष्ट्रीय हित महत्वपूर्ण होते हैं। अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएँ भी शक्तिशाली देशों के प्रभाव से मुक्त नहीं होतीं। इस दृष्टिकोण से IMF की स्थापना में अमेरिकी नेतृत्व, डॉलर की केंद्रीय भूमिका और कोटा आधारित मतदान व्यवस्था वैश्विक शक्ति-संबंधों को प्रदर्शित करती है।
3. मार्क्सवादी एवं आलोचनात्मक दृष्टिकोण
मार्क्सवादी दृष्टिकोण वैश्विक आर्थिक संस्थाओं का विश्लेषण पूँजीवाद, आर्थिक असमानता और विकसित देशों के प्रभुत्व के संदर्भ में करता है। इस दृष्टिकोण के अनुसार IMF की कुछ नीतियाँ वैश्विक पूँजीवादी व्यवस्था, वित्तीय बाजारों और आर्थिक रूप से शक्तिशाली देशों के हितों को प्राथमिकता दे सकती हैं। यह दृष्टिकोण विशेष रूप से इस प्रश्न पर बल देता है कि आर्थिक सुधारों का लाभ किन वर्गों को मिलता है और उनका भार किन वर्गों पर पड़ता है।
4. नव-उदारवाद (Neoliberalism)
नव-उदारवाद बाजार आधारित अर्थव्यवस्था, निजीकरण, व्यापार उदारीकरण और सरकारी नियंत्रणों में कमी का समर्थन करता है। 1980 और 1990 के दशकों में IMF के अनेक आर्थिक सहायता कार्यक्रम बाजार आधारित संरचनात्मक सुधारों से जुड़े रहे। इस कारण IMF को वैश्विक आर्थिक उदारीकरण को बढ़ावा देने वाली संस्था के रूप में भी देखा जाता है। हालाँकि IMF को पूरी तरह किसी एक विचारधारा की संस्था मानना उचित नहीं है। इसकी नीतियाँ समय और आर्थिक परिस्थितियों के अनुसार बदलती रही हैं।
समकालीन प्रासंगिकता (Contemporary Relevance)
- 2008 का वैश्विक वित्तीय संकट:- 2008 में अमेरिका के वित्तीय क्षेत्र से शुरू हुआ संकट वैश्विक अर्थव्यवस्था तक फैल गया। इससे बैंकिंग व्यवस्था, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और निवेश प्रभावित हुए। इस संकट ने IMF की आर्थिक निगरानी और वित्तीय स्थिरता संबंधी भूमिका को महत्वपूर्ण बनाया।
- कोविड-19 महामारी (2020–2021):- कोविड-19 महामारी के दौरान IMF ने सदस्य देशों को वित्तीय सहायता प्रदान की और अगस्त 2021 में लगभग 650 अरब डॉलर का SDR आवंटन किया। इसका उद्देश्य सदस्य देशों की विदेशी मुद्रा संबंधी आवश्यकताओं और आर्थिक स्थिरता को समर्थन देना था।
- वैश्विक ऋण संकट:- विकासशील देशों में बढ़ता सार्वजनिक ऋण, बाह्य ऋण भुगतान और सीमित वित्तीय संसाधन महत्वपूर्ण चुनौतियाँ हैं। IMF ऋण स्थिरता का विश्लेषण तथा वित्तीय सहायता के माध्यम से इन समस्याओं के समाधान में योगदान देता है।
IMF और World Bank में अंतर
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष
- प्रमुख संस्था – International Monetary Fund
- स्थापना का आधार – Bretton Woods Conference
- प्रमुख उद्देश्य – मौद्रिक एवं वित्तीय स्थिरता
- प्रमुख कार्य – भुगतान संतुलन संकट का समाधान
- सहायता का स्वरूप – बाह्य भुगतान संबंधी वित्तीय सहायता
- प्रमुख क्षेत्र – विनिमय दर, मौद्रिक नीति, आर्थिक निगरानी
- कार्य का स्वरूप – मुख्यतः व्यापक आर्थिक स्थिरता
World Bank
- प्रमुख संस्था – World Bank Group
- स्थापना का आधार – Bretton Woods Conference
- प्रमुख उद्देश्य – आर्थिक विकास एवं गरीबी में कमी
- प्रमुख कार्य – विकास परियोजनाओं को वित्त
- सहायता का स्वरूप – दीर्घकालिक विकास वित्त
- प्रमुख क्षेत्र – शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढाँचा एवं विकास
- कार्य का स्वरूप – दीर्घकालिक विकास
मूल अंतर: IMF का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक एवं वित्तीय स्थिरता है, जबकि World Bank का मुख्य उद्देश्य दीर्घकालिक आर्थिक विकास और गरीबी में कमी है।
निष्कर्ष
ब्रेटन वुड्स व्यवस्था ने आधुनिक वैश्विक आर्थिक शासन की नींव रखी। इसी व्यवस्था से स्थापित IMF आज अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक सहयोग, आर्थिक निगरानी और भुगतान संतुलन संकटों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालाँकि इसकी कोटा प्रणाली, विकसित देशों के प्रभुत्व और ऋण संबंधी शर्तों की आलोचना होती रही है। इसलिए IMF में अधिक न्यायसंगत प्रतिनिधित्व, सामाजिक सुरक्षा और विकासशील देशों की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण तथ्य
विषय – तथ्य
- Bretton Woods Conference – जुलाई 1944
- सम्मेलन में भाग लेने वाले देश – 44
- प्रमुख प्रस्तावक – John Maynard Keynes और Harry Dexter White
- IMF Articles of Agreement – 22 जुलाई 1944
- IMF की स्थापना – 27 दिसंबर 1945
- IMF का मुख्यालय – Washington, D.C.
- डॉलर का स्वर्ण मूल्य – 35 डॉलर प्रति औंस
- Triffin Dilemma – Robert Triffin
- डॉलर की सोने में परिवर्तनीयता समाप्त – 15 अगस्त 1971
- Bretton Woods व्यवस्था का अंत – 1973
- IMF की सर्वोच्च संस्था – Board of Governors
- Executive Directors – 25
- SDR का निर्माण – 1969
- SDR की मुद्राएँ – Dollar, Euro, Yuan, Yen, Pound
- Article IV – आर्थिक निगरानी
- IMF के वित्तीय संसाधनों का आधार – Quota
- IMF की प्रमुख आलोचना – Conditionality एवं विकसित देशों का प्रभुत्व
- भारत का प्रमुख IMF अनुभव – 1991 का भुगतान संतुलन संकट
- 2021 SDR आवंटन – लगभग 650 अरब डॉलर
- 16वीं कोटा समीक्षा – दिसंबर 2023
महत्वपूर्ण पुस्तकें –
- Robert Gilpin — Global Political Economy: Understanding the International Economic Order.
- Robert O. Keohane — After Hegemony: Cooperation and Discord in the World Political Economy.
- Joseph E. Stiglitz — Globalization and Its Discontents.
- Barry Eichengreen — Globalizing Capital: A History of the International Monetary System.
- Thomas Oatley — International Political Economy.
- Michael D. Bordo & Barry Eichengreen (eds.) — A Retrospective on the Bretton Woods System.
- IMF — Articles of Agreement of the International Monetary Fund.
इन्हें भी पढ़े –
शांति की अवधारणा (Peace): सकारात्मक शांति एवं नकारात्मक शांति
अंतर्राष्ट्रीय संगठन (International Organizations)
अंतर-सरकारी संगठन (Intergovernmental Organizations – IGOs)
क्षेत्रीय संगठन (Regional Organisations)
वैश्विक शासन की संस्थाएँ (Institutions of Global Governance)


